फरीदाबाद: स्टील व्यापारी से रंगदारी मांगी 5 करोड़, भेजीं AK-47 की 5 गोलियां, मुठभेड़ में मोनू गुर्जर, हनी, कन्नू गिरफ्तार।

फरीदाबाद: स्टील व्यापारी से रंगदारी मांगी 5 करोड़, भेजीं AK-47 की 5 गोलियां, मुठभेड़ में मोनू गुर्जर, हनी, कन्नू गिरफ्ता
फरीदाबाद पुलिस ने विदेश से ऑपरेट हो रहे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रंगदारी मांगने वाले गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। Crime Branch सेक्टर-30 की टीम ने जांच के दौरान महत्वपूर्ण हथियार और कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग भी की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी।
रंगदारी केस से शुरू हुई जांच
पुलिस के अनुसार, थाना सेंट्रल में 5 फरवरी को Extortion और Arms Act के तहत मामला दर्ज हुआ था। शिकायत एक स्टील व्यापारी की ओर से दी गई थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 17 दिसंबर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद 2 फरवरी को घर के आसपास संदिग्ध युवक दिखाई दिए।
5 फरवरी की रात घर की गैलरी में एक थैली मिली। इसमें एक-47 के 5 कारतूस और धमकी भरा पत्र था।
तीन आरोपी पंजाब से गिरफ्तार
जांच के दौरान पुलिस ने मोनू गुर्जर, हनी और कपिल उर्फ कन्नू को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी पंजाब के बठिंडा क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपने आकाओं के कहने पर धमकी भरा पत्र और कारतूस घर में डाले थे। तीनों को 7 दिन के Police Remand पर लेकर पूछताछ की गई।
बरामदगी के दौरान हमला और फायरिंग
10 फरवरी को पुलिस टीम आरोपी मोनू गुर्जर को लेकर पाली चौकी क्षेत्र के पहाड़ी इलाके में Recovery के लिए गई।
यहां आरोपी ने पुलिस को एक पिस्टल, 5 कारतूस और AK-47 के 5 कारतूस बरामद कराए। इसी दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की आंख में मिट्टी फेंकी और उसकी सरकारी पिस्टल छीन ली।
इसके बाद आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर दो राउंड Firing की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी।
आरोपी का इलाज जारी, हालत सामान्य
घायल आरोपी मोनू गुर्जर को इलाज के लिए दिल्ली के AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार उसकी हालत स्थिर है।
रिकॉर्ड के अनुसार, मोनू पर पंजाब में अपहरण, झगड़ा और Arms Act के चार मामले दर्ज हैं। हनी पर डकैती और कपिल पर वाहन चोरी का केस दर्ज बताया गया है।
पुलिस जांच जारी
सहायक पुलिस आयुक्त अपराध-2 वरुण कुमार दहिया ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और आकाओं तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।







