फरीदाबाद नगर निगम मानव रचना शिक्षण संस्थान के साथ मिलकर लगायेगा 2.5 लाख पौधे।

Citymirrors.in-पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर निगम मानव रचना शिक्षण संस्थान के साथ मिल कर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 30 सितंबर तक 2.5 लाख पौधे लगाएगा। बुधवार को नगर निगम ने मानव रचना शिक्षण संस्थान के साथ मिलकर पौधरोपण अभियान चलाने की योजना को अंतिम रूप दे दिया है। इसके लिए नगर निगम 1.25 लाख पौधे और मानव रचना शिक्षण संस्थान की ओर से 1.25 लाख पौधों का इंतजाम किया जाएगा। इस अभियान में मानव रचना शिक्षण संस्थान के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ ही आरडब्ल्यूए और कई सामाजिक संस्थाओं को भी जोड़ा गया है। नगर निगम का प्रयास है कि राष्ट्रीय राजमार्ग को भी हरा-भरा किया जाए। शहर में पीपल, शीशम, सफेदा, टीक, नीम, बरगद, जामुन, अनार, बेल पत्थर, इमली, बेर, आम, पपीता, नीबू तथा गुलमोहर के पौधे लगाए जाएंगे। हम शहर की और संस्थाओं को भी पर्यावरण संरक्षण अभियान से जोड़ना चाहते हैं। जो संस्था पौधरोपण अभियान से जुड़ना चाहे, वे नगर निगम मुख्यालय आकर बागवानी विभाग के कार्यकारी अभियंता सुरेंद्र पूनिया से संपर्क कर सकते हैं।
 
                                                 
                                                    








