ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदाबाद में 40 वर्ष से अधिक आयु के बीमाकृत व्यक्तियों के लिए निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर का भव्य शुभारंभ


ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (ESIC MC & H), फरीदाबाद में आज 40 वर्ष और उससे अधिक आयु के बीमाकृत व्यक्तियों (IPs) के लिए ‘निवारक स्वास्थ्य जांच शिविर’ (Preventive Health Checkup Camp) का उद्घाटन किया गया। इस कार्यक्रम का सम्पूर्ण भारत में माननीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्य व खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने दिल्ली से शुभारंभ किया।
स्थानीय स्तर पर, फरीदाबाद में इस कार्यक्रम की शुरुआत माननीय सहकारिता राज्य मंत्री श्री कृष्ण पाल गुर्जर की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर माननीय विधायक श्री सतीश कुमार फागना, पार्षद श्रीमती गायत्री देवी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
शिविर की मुख्य विशेषताएं:
• नि:शुल्क जांच सुविधाएं: शिविर के तहत सभी पात्र बीमाकृत व्यक्तियों को CBC, LFT, KFT, लिपिड प्रोफाइल, ECG, थायराइड और चेस्ट एक्स-रे जैसे महत्वपूर्ण टेस्ट पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
• डिजिटल रिकॉर्ड: सभी जांचों का विस्तृत रिकॉर्ड ईएसआईसी (ESIC) के डेटाबेस में सुरक्षित रखा जाएगा ताकि भविष्य में उपचार के दौरान इनका संदर्भ लिया जा सके।
• अनिवार्य वार्षिक जांच: यह स्वास्थ्य जांच अब एक नियमित कार्यक्रम बन गया है। 40 वर्ष से अधिक आयु के सभी बीमाकृत व्यक्तियों के लिए साल में एक बार अपनी जांच कराना अनिवार्य होगा।
• व्यापक कवरेज: फरीदाबाद और हरियाणा क्षेत्र के लगभग 3 लाख से अधिक बीमाकृत व्यक्तियों की स्वास्थ्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए इसी प्रकार के व्यापक प्रबंध किए गए हैं।
आज आयोजित इस कार्यक्रम को जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। उद्घाटन के पहले ही दिन 400 से अधिक बीमाकृत व्यक्तियों ने अपना पंजीकरण कराया और स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।
इस अवसर पर बोलते हुए श्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि सरकार श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समय पर बीमारी का पता चलने से न केवल जीवन बचाया जा सकता है, बल्कि स्वास्थ्य पर होने वाले अतिरिक्त खर्च को भी कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से क्षेत्रीय कार्यालय हरियाणा ने विस्तृत योजना बनाई है जिससे प्रतिदिन कम-से-कम 300 बीमाकृत व्यक्ति अस्पताल आकर अपनी स्वास्थ्य जाँच करा सकें। इसके अतिरिक्त हरियाणा के अन्य ई एस आई अस्पतालों में भी बीमाकृत व्यक्तियों की निवारक स्वास्थ्य जाँच के लिए योजना बनाई गई है जिससे सम्पूर्ण श्रम बल की स्वास्थ्य जाँच हो सके।







