आईएमटी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से की मुलाकात।

आईएमटी क्षेत्र की समस्याओं को लेकर उद्योग प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त से की मुलाकात
फरीदाबाद आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष हेमन्त शर्मा की अध्यक्षता में नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़खड़े से मुलाकात कर औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में सबसे प्रमुख रूप से हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2023 में जारी राजपत्र अधिसूचना संख्या 09/112/2023-4C-11 के तहत एचएसआईआईडीसी एवं नगर निगम के बीच प्रस्तावित समझौता ज्ञापन का विषय उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि अधिसूचना के अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में एचएसआईआईडीसी द्वारा कराए जाने वाले विकास कार्यों के खर्चों की प्रतिपूर्ति नगर निगम द्वारा उद्योगों से वसूले जाने वाले गृहकर से की जानी है। इसके लागू होने से उद्योगों पर पड़ रहे दोहरे कराधान के भार को कम किया जा सकेगा।
एसोसिएशन ने कहा कि वर्ष 2023 में अधिसूचना जारी होने के बावजूद अब तक इसका पूर्ण क्रियान्वयन नहीं हो पाया है, जिससे उद्योगों को अधिक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। इस पर नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़खड़े ने आश्वासन दिया कि इस विषय पर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समझौता ज्ञापन का अध्ययन कर सरकार से स्पष्ट दिशा-निर्देश प्राप्त करने तथा भुगतान प्रक्रिया को व्यवस्थित रूप से लागू करने के निर्देश दिए।
आयुक्त महोदय ने एचएस आई आई डी सी के एस्टेट मैनेजर एस के कटारिया को भी निर्देश दिए कि एचएसआईआईडीसी का इंजीनियरिंग विभाग नगर निगम अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर समझौता ज्ञापन के क्रियान्वयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाए।
बैठक में आईएमटी क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मुंबई एक्सप्रेसवे मार्ग पर नहर के निकट अवैध डेयरी संचालन के कारण क्षेत्र में गंदगी बढ़ रही है तथा सड़क पर घूमने वाले पशुओं से दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंप के समीप स्थित शराब के ठेके के आसपास अवैध खोखों, रेहड़ियों एवं अस्थायी दुकानों के कारण शाम के समय यातायात प्रभावित हो रहा है तथा पूरे औद्योगिक क्षेत्र की छवि खराब हो रही है।
नगर निगम आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अतिक्रमण हटाने एवं आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अंत में एसोसिएशन के अध्यक्ष हेमन्त शर्मा ने नगर निगम आयुक्त का धन्यवाद किया।कहा कि उद्योग, समाज एवं प्रशासन के बेहतर समन्वय से ही आईएमटी क्षेत्र को स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं विकासशील बनाया जा सकता है।इस अवसर पर जी.एस. धैया, रमेश अरोड़ा, मनोज नागर एवं सन्नी सेहरावत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








